प्रियंका गांधी को बड़ा खतरा मानती हैं मायावती

बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती उत्तर प्रदेश में अपने सहयोगियों के चयन में अप्रत्याशित रूप से यूटर्न लेने के लिए जानी जाती हैं। वह कब किस पाले में चली जाएं, इसके बारे में  कुछ नहीं कहा जा सकता। वह प्रदेश की अन्य तीनों प्रमुख पार्टियों में अतीत में कभी न कभी गठजोड़ कर चुकी हैं। उनके लिए, देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में अपने आपको राजनीतिक रूप से जीवित बनाए रखना सबसे मुख्य मुद्दा है। उन्होंने महामारी के दौरान फैसला किया है कि प्रियंका गांधी द्वारा कांग्रेस के संगठन को मजबूत करना उनकी बसपा के राजनीतिक भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा है। वह अब भाजपा को अपने लिए बड़ा खतरा नहीं मानतीं। यूपी में प्रवासी कामगारों के परिवहन के लिए बसों के आयोजन के विवाद पर उनका सार्वजनिक बयान उनके नीतिगत यूटर्न का ताज़ा उदाहरण है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती महामारी संकट के दौरान किसी भी अन्य पार्टी की तुलना में कांग्रेस के खिलाफ  अधिक कटु हो रही हैं। श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई विपक्षी पार्टियों के सम्मेलन से मायावती की अनुपस्थिति ने भी राजनीतिक हलके में चर्चाएं छेड़ दी हैं। क्या मायावती को प्रवासी मजदूरों के मुद्दे को उठाने में उनकी भूमिका के लिए प्रियंका गांधी के नेतृत्व में एक आक्रामक कांग्रेस के मुकाबले अपना आधार खोने का डर है? प्रवासी मजदूरों के प्रति कांग्रेस की सहानुभूति को मायावती ने नाटक करार दिया।  मायावती ने प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए 1000 बसों की पेशकश को भी बड़ा नाटक करार दिया। केंद्र और राज्य में मायावती और भाजपा सरकार के बीच हालिया संबंधों ने राजनीतिक वैज्ञानिकों को चौंका दिया है। गौरतलब है कि प्रवासी मजदूरों को संभालने के मुद्दे पर मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों को बख्श दिया, किन्तु उलटे पूरे संकट के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। मायावती ने उन प्रवासी मजदूरों की समस्याओं के लिए भी कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया जो रास्ते में कठिनाई का सामना करते हुए घर पहुंचने के लिए सड़कों पर सैकड़ों किलोमीटर पैदल चल पड़े हैं। बसपा अध्यक्ष ने बार-बार कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान गांवों का विकास किया होता, तो इन प्रवासी मजदूरों ने अपने घरों को नहीं छोड़ा होता। प्रवासी मजदूरों के साथ राहुल की बैठक को भी मायावती ने नाटक करार दिया।दलित नेताओं सहित कांग्रेस के राज्य नेतृत्व ने भी मायावती पर भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए हमला किया।  कांग्रेस ने मायावती पर भाजपा द्वारा तैयार किए गए बयान बोलने का आरोप लगाया। 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए मायावती और भाजपा के बीच संभावित गठजोड़ के बारे में कांग्रेस नेताओं ने इशारा किया। मायावती को पता है कि कांशीराम और उनके द्वारा छीन लिए गए दलितों के अपने पहले के आधार को वापस लाने के लिए कांग्रेस विशेष रूप से उ.प्र. में बहुत मेहनत कर रही है। प्रियंका गांधी की आक्रामक मुद्रा ने अपने खोए हुए समर्थन आधार को वापस लाने और प्रवासी मजदूरों की लड़ाई को सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के लिए भी चुनौती पेश कर दी है। (संवाद)