किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का 'रेल रोको आंदोलन' दूसरे दिन भी जारी

जंडियाला गुरू, 25 सितम्बर - (रणजीत सिंह जोसन) - केंद्र द्वारा पास किये गए कृषि सुधार बिलों के खिलाफ किसानों का 'रेल रोको आंदोलन' आज दूसरे दिन भी जारी है। अमृतसर के जंडियाला गुरू के पास के गांव देवीदासपुर में मुख्य रेल मार्ग दिल्ली-अमृतसर पर रेल यातायात ठप्प कर भारी संख्या में किसानों, मजदूरों और नौजवानों द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस मौके पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के प्रदेश महासचिव सरवन सिंह पंधेर और रणजीत सिंह कलेरबाला ने कहा कि किसानों-मजदूरों का यह संघर्ष, जो 26 सितम्बर से शुरू किया गया है, 26 सितम्बर तक (48 घंटे) निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान जत्थेबंदियों द्वारा जो भी संघर्ष की अगली रूपरेखा बनायी जायेगी। उसीके अंतर्गत ही आगे बढ़ा जायेगा और अगले संघर्ष का ऐलान आज शाम 4 बजे मीटिंग के बाद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज के पंजाब बंद को भी पूर्ण समर्थन दिया गया है।