पायल घोष मामला: अनुराग कश्यप को मुंबई पुलिस ने भेजा समन

मुंबई, 30 सितंबर - बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष के साथ यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने अनुराग कश्यप को पायल घोष के साथ कथित यौन शोषण के मामले में कल सुबह 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने के लिए कहा है। गौरतलब है कि अभिनेत्री पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज कराया है। पायल लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं, अब मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए अनुराग कश्यप को समन भेजा है।