शाहबाद से कुंडली बार्डर को रवाना हुआ किसान-मज़दूर संघर्ष कमेटी का विशाल जत्था 

अमृतसर,12 दिसंबर - (सुरिन्दरपाल सिंह वरपाल) - किसान-मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब के जत्थे के बारे में प्रदेश प्रधान सतनाम सिंह पन्नू और प्रदेश महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि उनके अन्दाजे से कहीं ज्यादा किसानों-मज़दूरों ने दिल्ली जाने वाले इस जत्थे में शामिल होने के लिए उत्साह दिखाया। जत्थे की संख्या इस समय बताना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि शाहबाद में गुरुद्वारा डेरा बाबा दलेर सिंह में काफिले 6-7 घंटे तक पहुंचते रहे। वहीं नेताओं ने बताया कि आज सुबह इस काफिले को शाहबाद से दिल्ली के कुंडली बार्डर के लिए रवाना किया गया। यह काफिला करीब 30 किलोमीटर लम्बा बन गया। उन्होंने कहा कि लोग मोदी हकूमत के सभी भ्रम दूर कर देंगे। सरकार की तरफ से संघर्ष को बदनाम करने के बावजूद लोगों के काफिलों की संख्या कम नहीं होगी। किसान नेताओं का दिल्ली के कुंडली बार्डर पर धरना लगातार जारी है। उधर दिल्ली मोर्चे का नेतृत्व कर रहे नेताओं, जसबीर सिंह पिद्दी और सुखविन्दर सिंह सभरा ने कहा कि लोगों की ताकत केंद्र सरकार को कृषि विरोधी काले कानून रद्द करने के लिए मजबूर कर देगी।