अपनी प्रतिभा को निखारें

हम स्वयं को सबसे धोखा उस समय देते हैं जब हम अपनी प्रतिभा को छोड़ कर किसी अन्य क्षेत्र या पेशे में जाते हैं। पूरा जीवन काम का बोझ सहते हुए और शिकायतें करते हुए गुज़र जाता है। हम सभी इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि ईश्वर ने प्रत्येक प्राणी मात्र को एक विशेष प्रतिभा या कला से नवाज़ा होता है। लेकिन मानवीय स्वभाव है कि वह दूसरों के गुणों को तो नज़रअंदाज़ करता ही है साथ ही साथ कई बार अपने भी गुणों या प्रतिभा को नज़रअंदाज़ करता रहता है। मैंने आम लोगों को उस चीज़ या प्रतिभा के लिए रोते हुए देखा है जो उनके पास नहीं होती। बजाये इसके कि अपने भीतर छुपी प्रतिभा को पहचान कर उसे और निखारा जाये। यह बात तो स्पष्ट है कि कोई भी इन्सान सर्वगुण सम्पन्न नहीं हो सकता।
कई बार ऐसा होता है कि लोग जिसे भी आगे बढ़ता देख लेते हैं उसी जैसा ही बनना चाहते हैं। उदाहरण के तौर पर यदि किसी को पुलिस की वर्दी में देख लेते हैं तो पुलिस में जाने का मन बना लेते हैं, अगर किसी को लिखते देख लेते हैं, लिखना शुरू कर देते हैं, यदि किसी को गाते, नाचते देखते हैं उसी की तरफ चल पड़ते हैं, बजाये एक कला या क्षेत्र में मुहारत हासिल करने के वह अपने ध्यान को भटका लेते हैं। जिससे कोई भी सार्थक परिणाम सामने नहीं आता।
सबसे पहले हमें अपनी प्रतिभा की पहचान करनी आनी चाहिए। अब प्रश्न यह उठता है कि अपनी प्रतिभा को पहचाना कैसे जाये? उसका बहुत ही आसान उत्तर है कि हमने स्वयं या हमारे माता-पिता ने इस बात का ध्यान रखना है कि किस काम में बच्चे का सबसे अधिक ध्यान लग रहा है या किस काम को वह पूरी मेहनत, ध्यानपूर्वक और लुत्फ के साथ कर रहा है। किस को काम को करते समय बच्चे को किसी की मुसीबत का सामना नहीं करना पड़ता। जिस काम को करते हुए वह पूरे आनंद से उस काम को करता है और किसी मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ता, इसका अर्थ यह है कि उस काम में बच्चे की रूचि और कला दोनों ही हैं। सबसे पहले अपनी प्रतिभा को पहचानें और पहचानने के उपरांत उसे निखारने के लिए दिन-रात मेहनत करें, मेहनत करने के उपरांत उस कला, और प्रतिभा को अपना पेशा बनाएं। पेशा बना लें तो हम अपने जीवन को आनंदमय ढंग से व्यतीत करते हैं। हमारे ऊपर बोझ कम होता है और स्वयं को हमारे बीच एक उदाहरण के रूप में स्थापित करने का जुनून ज्यादा होता है। इसीलिए अपने भीतर छुपी प्रतिभा को ज़रूर पहचानें, क्योंकि लोगों के दिलों पर या दुनिया पर राज करने का एक सबसे आसान तरीका है अपनी कला को अपनी ताकत बनाएं।
-मो. 97791-18066