गैर -कानूनी माइनिंग मामले में चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह हनी को अदालत ने 8 फरवरी रिमांड तक पर भेजा

चंडीगढ़, 4 जनवरी - पंजाब विधानसभा चुनाव के बीच सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के लिए बुरी खबर है। उनके भतीजे भूपिंदर सिंह उर्फ हनी  8 फरवरी तक प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) की हिरासत में रहेंगे। शुक्रवार को जालंधर की एक अदालत ने ये फैसला सुनाया। उन पर पंजाब में कथित रूप से अवैध रेत खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।

इससे पहले भूपिंदर सिंह को गुरुवार देर रात ईडी के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था। ईडी सूत्रों ने बताया कि पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे हनी को जालंधर में एजेंसी के कार्यालय में कई घंटों की पूछताछ के बाद धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वे 8 फरवरी तक वे ईडी की हिरासत में रहेंगे।

गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल कई मौकों पर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साध चुके हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि चन्नी की मिलीभगत से ही उनके भतीजे ने मनी लॉन्ड्रिंग किया। केजरीवाल चन्नी पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगा चुके हैं।