आकर्षक बनाएं बालकनी प्लांट स्टैंड को

जिनके पास जमीन का घर नहीं है, वो भी जानते हैं कि बालकनी में हरे भरे पौधों की मौजूदगी दिल को सुकून और वातावरण को राहत देती है। लेकिन जिनके पास इतनी चौड़ी बालकनी भी नहीं है कि वहां गमलों की कतार लगायी जा सके, उनको भी अब चिंता करने की कोई बात नहीं है बल्कि ऐसी गृहणियां अब स्टाइल से कंधे उचकाकर कह सकती हैं, इसकी क्या जरूरत है ? जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना है किचन गार्डेन के लिए वाकई जगह बहुत मायने नहीं रखती। अब ऐसी ऐसी डिजाइन के आयरन गमला स्टैंड आ गये हैं कि दो फिट की जगह पर भी एक दो नहीं बल्कि 10 से 12 छोटे गमलों वाला और 5 से 6 मीडियम साइज के गमलों वाला स्टैंड खड़ा किया जा सकता है। 
बालकनी प्लांट स्टैंड के नाम से बाजार में कई तरह के गमला स्टैंड मौजूद हैं, जो 800 रुपये से लेकर 1800-1900 रुपयों तक में आराम से आ जाते हैं। इनमें सबसे पहला प्लांट स्टैंड है फ्लावर पॉट। इसमें मीडियम बल्कि उससे भी थोड़े बड़े दो शानदार गमले रखे जाते हैं, एक स्टैंड में बिल्कुल नीचे बनी बास्केट में और एक इसके बिल्कुल ऊपर बनी बास्केट में। इस गमले को महज दो फिट की जगह पर भी बहुत करीने से सजाया जा सकता है। दो दीवारों के कोनों की तो यह जान है। इस स्टैंड को आप अपनी बालकनी के रंग से पेंट कर सकती हैं। फिर तो यह बालकनी की खूबसूरती में और चार चांद लगा देगा।
आयरन हूप, गोल पॉट स्टैंड। जी हां, यह एक ग्लोब सी आकृति का स्टैंड है। इसमें बड़ी समझदारी से चार मीडियम साइज के गमलों के लिए शानदार जगह बनायी गई है। एक स्टैंड के बिल्कुल निचली सतह पर, एक बिल्कुल स्टैंड की छत पर और दो अगल बगल। इन चार गमलों को स्टैंड के बेहद रचनात्मक डिजाइन के चलते खूब स्पेस मुहैय्या होता है। इसमें आप चाहें तो मीडियम साइज के फूल के पौधे लगा लें या टमाटर, बैंगन, पालक और हरी धनिया उगे गमलों को लगा लें। ये गमले थोड़ी सी जगह में इस तरह से सेट होते हैं कि भरपूर जगह इंज्वॉय करते हैं। हां, यह थोड़ा महंगा है। फिर भी 2000 रूपये से नीचे ही मिल जाएगा।
एक और क्रिएटिव प्लांट स्टैंड है, जिसमें छह मीडियम साइज के गमले रखे जा सकते हैं, तीन बिल्कुल ऊपर और तीन बिल्कुल नीचे। स्टैंड की ऊंचाई तीन फिट के आसपास है। इसमें गमलों के रखने के लिए प्लेन छतनुमा ढांचा बनाया गया है और तीन गमलों को उसमें लगने वाले पौधे के फैलाव को ध्यान में रखते हुए जगह बनायी गई है। वॉल पॉट यानी दीवार में लगभग लटके ये ऐसे शानदार प्लांट स्टैंड हैं जो मजबूत कीलों के सहारे दीवार के कोनों में एक आदमी के बराबर ऊंचाई या उससे थोड़े ऊपर से लटकाए गये होते हैं। इनमें रंग बिरंगे लेकिन छोटे गमलों वाले फूल, लगाये जा सकते हैं। मनीप्लांट के लिए तो यह बिल्कुल आदर्श पॉट स्टैंड है। आप निकट के किसी जनरल स्टोर में जाएं,जहां बागवानी से संबंधित चीजें मिलती हों, तो आपको एक से बढ़कर एक डिजाइनिंग और कारीगरी वाले प्लांट स्टैंड मिल जाएंगे, जिनकी बदौलत घर में जगह कम होने या बिल्कुल न होने पर भी आप पौधों का सुख ले सकती हैं। ऐसे प्लांट स्टैंड से एक तो जगह की दिक्कत खत्म हो जाती है, दूसरी बात इससे घर की या उस कोने की जहां इन्हें रखा जाता है, खूबसूरती कई गुना ज्यादा बढ़ जाती है। तो अब अगली बार से किचन गार्डेन के नाम पर आप ठंडी आहें न भरें  बल्कि  इस क्रिएटिव तरीके से अपने घर को किचन गार्डेन का रचनात्मक उपहार दें।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर