अमरीकी राष्ट्रपतियों के लम्बे समय तक जीने का राज़

यह एक पेचीदा पहेली हो सकती है कि दुनिया में नंबर एक देश के सर्वोच्च पद पर बैठने वालों में ऐेसी कौन सी जिजीविषा होती है कि ये उम्र को छकाते जान पढ़ते हैं। सब जानते हैं कि अमरीकी राष्ट्रपति की कुर्सी को संभालना कितना तनावपूर्ण कार्य है। अमरीका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने पिछले दिनों अस्पताल छोड़कर अपनों के बीच घर पर रहने का फैसला किया। उल्लेखनीय है कि 98 वर्षीय कार्टर इतिहास में सबसे उम्रदराज जीवित पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति हैं। संयोग देखिए कि वर्तमान अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 78 की बड़ी उम्र में इस पद पर सुशोभित हुए। उनकी उम्र सभी अमरीकी राष्ट्रपतियों की औसत जीवन प्रत्याशा से छह साल ज्यादा थी। जिमी कार्टर ने जनवरी 1981 में व्हाइट हाउस छोड़ा था। उसके बाद उन्होंने शिक्षण कार्य किया। पेंटिंग की, कविताएं लिखीं। इक्कीस किताबें लिख डालीं सो अलग। नोबेल शांति पुरस्कार भी जीता।
वर्ष 1789 से संयुक्त राज्य अमरीका में 45 अलग-अलग पुरुष राष्ट्रपति के रूप में काम कर चुके हैं, जिनमें से छह आज भी जीवित हैं (आधिकारिक तौर पर 46 राष्ट्रपति रहे हैं, क्योंकि ग्रोवर क्लीवलैंड की गिनती दो बार हुई है)। जॉन एडम्स, हर्बर्ट हूवर, गेराल्ड फोर्ड, रोनाल्ड रीगन और जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश ऐसे राष्ट्रपतियों में शुमार थे, जो 90 वर्ष से अधिक जीये। पद पर रहते हुए आठ राष्ट्रपतियों की मृत्यु हुई है, जिनमें चार की गोली मारकर हत्या की गई और चार की प्राकृतिक कारणों से मृत्यु हो गई। पहले आठ राष्ट्रपतियों को ले तो उनका औसत जीवनकाल 79.8 वर्ष रहा, वह भी उस समय के दौरान जब पुरुषों के लिए जीवन प्रत्याशा 40 वर्ष से भी कम होने की संभावना थी। सिर्फ जॉन एफ. कैनेडी (जिनकी 1963 में टेक्सास में 46 वर्ष की आयु में हत्या कर दी गई थी) को छोड़कर। कनेडीयन राष्ट्रपति पद के लिए चुने गए अब तक के सबसे कम उम्र के व्यक्ति भी थे। अमरीकी राष्ट्रपतियों के लिए मौत का सबसे आम कारण दिल का दौरा या हृदय रोग रहे हैं। सभी अमरीकी राष्ट्रपतियों में से एक चौथाई की मृत्यु इन कारणों से हुई है। एक रोचक तथ्य देखिए कि राष्ट्रपति रहे बिल क्लिंटन, बुश जूनियर और डोनाल्ड ट्रम्प जून और अगस्त 1946 के बीच, एक-दूसरे के 66 दिनों के भीतर पैदा हुए। 
अब सवाल यह आता है कि आखिर अमरीकी राष्ट्रपतियों के लंबे समय तक जीने का राज क्या है! निश्चित तौर पर जैसी चिकित्सा सुविधा इनको मिलती होगी, संभवत: पूरे ग्रह पर वैसी सुविधाएं अन्यत्र नहीं ही होंगी। लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि यूएस राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठना कोई हंसी-खेल तो नहीं है। उन पर कितने मानसिक दबाव रहते हैं, जो उनके लिए तनाव का कारक बनते होंगे, यह जग जाहिर है। अपने पद की गरिमा और स्थिति देखते हुए अधिकांश अमरीकी राष्ट्रपति तनाव को दूर करने के लिए किसी न किसी अतिरिक्त शारीरिक और मानसिक गतिविधि का सहारा लेते रहे हैं। युद्ध के वास्तविक जीवन के नाटक को व्यवस्थित करने से लेकर रंगमंच के काल्पनिक नाटक देखने तक। ऑफिस में बैठने से लेकर नदी किनारे बैठने तक। राजनीति की बात करने से लेकर बेसबॉल की बात करने तक। हालांकि राष्ट्रपति पद की विरासत में ज्यादातर ऐसी नीतियां शामिल होती हैं जो पद छोड़ने के बाद सालों तक समाज और सरकार को आकार देती हैं, लेकिन व्हाइट हाउस में सेवा करने वाले कुछ लोगों के पास आराम करने के यादगार तरीके भी थे। कम से कम 1970 के दशक के मध्य से, लगभग हर राष्ट्रपति किसी न किसी तरह के नियमित अभ्यास के लिए समर्पित रहा है।
फोर्ड तैराकी-स्की करते रहे, तो कार्टर लगभग रोज जॉगिंग करते थे। रोनाल्ड रीगन भार उठाते थे। उन्हें घोड़ों की सवारी करने का आजीवन जुनून रहा। जूनियर बुश के घुटनों ने जब दौड़ना बंद कर दिया तो उन्होंने इसके जवाब में साइकिल चलाना शुरू कर दिया था। सीनियर बुश तो इनसे भी आगे थे, जो राष्ट्रपति के रूप में एक ही दिन में तीन या चार अलग-अलग खेलों की कोशिश करने के लिए जाने जाते थे और खूब व्यायाम भी करते। यहां तक कि 80, 85 और 90 वर्ष की उम्र में सेना के स्काईडाइवर्स के साथ हवाई जहाज से कूद जाते थे। बीमार बचपन के बाद, रूजवेल्ट एक उत्साही खिलाड़ी थे, जिन्होंने अपने पूरे राष्ट्रपति काल में बॉक्सिंग की। केल्विन कूलिज को व्यायाम के लिए घुड़सवारी में इतना मजा आया कि उन्होंने व्हाइट हाउस में एक इलेक्ट्रिक घोड़ा स्थापित करवा दिया था। आइजनहावर एक शौकीन चित्रकार थे, जो अक्सर प्राकृतिक परिदृश्यों को कैप्चर करते और उन्हें दोस्तों को उपहार में देते थे।
 लिंडन बैनेस जॉनसन ने अपने केंद्रीय टेक्सास खेत में 490 दिन यानी अपने राष्ट्रपति पद का एक चौथाई हिस्सा बिताया। काम और छुट्टी को इतनी सहजता से मिलाया कि इसे ‘टेक्सास व्हाइट हाउस’ के रूप में जाना जाने लगा। अब्राहम लिंकन जब तक राष्ट्रपति नहीं बने थे, तब तक उन्होंने कभी भी शेक्सपियर के नाटकों को मंचित होते हुए नहीं देखा। इसके बाद उन्होंने शायद ही कोई मौका गंवाया हो। फरवरी और मार्च 1864 में, युद्ध की सबसे खतरनाक अवधियों में से एक में, उन्होंने रिचर्ड तृतीय, जूलियस सीजर, द मर्चेंट ऑफ वेनिस और हेमलेट में महान ट्रेजेडियन एडविन बूथ के प्रदर्शन को देखने के लिए अपने कर्तव्यों से समय निकाला। लिंकन ने राष्ट्रपति के रूप में अपने समय के दौरान सौ से अधिक नाटकों में भाग लिया। विडंबना रही कि उनका जीवन उनसे एक थिएटर में ले लिया गया था।
दस अमरीकी राष्ट्रपतियों को छोड़कर सभी कॉलेज शिक्षित और अमीर थे। सभी के पास संसार की सबसे अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध थीं। इसके बावजूद ये सभी राष्ट्राध्यक्ष जानते थे कि उन्हें अपने तनाव को प्रबंधित करने और समय-समय पर दैनिक दिनचर्या से कुछ अलग हटकर करने व अपने शरीर को आराम देने की आवश्यकता है। वर्ष 1960 के कड़े मुकाबले के बाद रिचर्ड निक्सन ने जॉन एफ कैनेडी से कहा था, ‘मैं आपकी नीतियों की आलोचना कर सकता हूं। लेकिन एक बात के बारे में मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि विश्राम के लिए समय निकालने के लिए मैं आपकी किसी भी आलोचना में शामिल नहीं होऊंगा।’ 
इससे ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ भी नहीं है कि एक राष्ट्रपति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से अपने द्वारा लिए जाने वाले बेहद कठिन फैसलों का सामना करने के लिए सर्वोत्तम संभव आकार में हो। कई राष्ट्रपतियों के लिए तनाव बल-गुणक के रूप में कार्य करता है। एक व्यक्ति जितना अधिक शक्तिशाली होता है, जितना अधिक नियंत्रण में होता है, उतना ही बेहतर वह अपने लाभ के लिए तनाव का उपयोग करना सीखता है। अर्थपूर्ण काम में शामिल होना भी दीर्घायु के साथ निकटता से जुड़ा हुआ है। कार्यालय से बाहर चुनौती बदल जाती है। राष्ट्रपति केवल टाइप-ए नहीं बल्कि ट्रिपल-ए व्यक्तित्व वाले होते हैं। जिमी कार्टर जब व्हाइट हाउस से बाहर निकले तो उन्होंने कहा था, ‘मेरे पास 25 से अधिक वर्षों की जीवन प्रत्याशा है। इसलिए मुझे यह पता लगाने की आवश्यकता थी कि इसका उपयोग कैसे किया जाए।’ उनके लिए सुखद यह रहा कि उन्होंने इस समय का भरपूर उपयोग किया और आज व्हाइट हाउस छोड़ने के 41 साल बाद भी जीवित हैं।

-मो-9829453147