पेरिस ओलंपिक 2024: हॉकी में भारतीय टीम की यादगार जीत, ऑस्ट्रेलिया को 52 साल बाद हराया

नई दिल्ली, 2 अगस्त - भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना आखिरी ग्रुप मैच ऑस्ट्रेलिया से खेला। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा दिया। 2 अगस्त (शुक्रवार) को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से अभिषेक (18वें मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (13वें एवं 33 मिनट) ने गोल दागे। वहीं कंगारू टीम की ओर से थॉमस क्रेग (25वें मिनट) और ब्लेक गोवर्स (55वें मिनट) ने स्कोर किए। भारतीय हॉकी टीम ने 52 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक गेम्स में हराया है। 1972 के म्यूनिख ओलंपिक के बाद यह पहली बार है जब  भारत ने ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को हराया है। यानी भारत की कंगारू टीम के खिलाफ ये जीत काफी ऐताहिसक रही। बता दें कि भारतीय टीम पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी थी।