मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगों से वसूले गए 100 करोड़ रुपये

मुंबई, 4 अगस्त- मुंबई पुलिस ने साइबर जालसाजों से करीब 100 करोड़ रुपये वसूले हैं। साइबर अपराधियों ने सात महीने में लोगों से इतनी रकम की ठगी की है। अधिकारियों ने बताया कि जालसाजों से ठगी होने के बाद पीड़ितों ने हेल्पलाइन नंबर 1930 के जरिए मुंबई साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। क्राइम ब्रांच ने कहा कि इन शिकायतों के आधार पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के 35,918 मामलों पर कार्रवाई की गई है। ये मामले शेयर ट्रेडिंग, निवेश योजनाएं, कूरियर कॉल, डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी, ऑनलाइन लेनदेन से संबंधित थे। आरोपियों के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित किसी भी शिकायत की रिपोर्ट करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का उपयोग करने का आग्रह किया।