रूस , यूक्रेन युद्ध मामला : अमेरिका ने रखी शर्त रूस को बड़ी सौगात देगा
नई दिल्ली, 15 अप्रैल - व्हाइट हाउस ने मंगलवार को बताया कि रूस अगर यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करता है तो अमेरिका उसे बड़ी सौगात देगा। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका, रूस के साथ आर्थिक साझेदारी भी कर सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि पहले रूस को युद्धविराम करना होगा। व्हाइट हाउस ने यह बात ऐसे वक्त कही है, जब हाल ही में राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की।इस मुलाकात को लेकर व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई और हमारा मानना है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन भी युद्ध समाप्त करना चाहते हैं। व्हाइट हाउस प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि 'अगर रूस, यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करता है तो रूस को बड़ी सौगात मिल सकती है। हो सकता है कि अमेरिका और रूस के बीच आर्थिक साझेदारी हो जाए, लेकिन पहले हम चाहते हैं कि युद्धविराम हो और राष्ट्रपति के प्रतिनिधि विटकॉफ ने राष्ट्रपति पुतिन को यह बात स्पष्ट रूप से बता दी है।'