हम खुद को बहुत तेजी से बदल रहे हैं - पीएम मोदी
दिल्ली, 21 अप्रैल - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में 17वें सिविल सेवा दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 10 सालों में भारत ने वृद्धिशील परिवर्तन से आगे बढ़कर प्रभावशाली परिवर्तन का सफर देखा है। आज भारत का शासन मॉडल देश जनरेशन रिफॉर्म पर ध्यान दे रहा है। हम तकनीक, नवाचार और नवीन अभ्यास के जरिए सरकार और नागरिकों के बीच की दूरी समाप्त कर रहे हैं। इसका प्रभाव ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूर दराज के इलाकों में भी दिख रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हम एक ऐसी दुनिया में हैं जो बहुत तेजी से बदल रही है। हमारी नौकरशाही और नीति-निर्माण पुरानी प्रणालियों पर काम नहीं कर सकते। यही कारण है कि 2014 से ही व्यवस्थागत बदलाव को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाया गया है। हम बहुत तेजी से खुद को बदल रहे हैं। भारत का आकांक्षी समाज - चाहे वह युवा हो, किसान हो या महिलाएं - अभूतपूर्व सपने और महत्वाकांक्षाएं रखता है। इन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें उतनी ही अभूतपूर्व गति से प्रगति की आवश्यकता है।