ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर  यात्री ट्रेन से  गिरे 


ठाणे, 9 जून -  ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर CSMT की ओर जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए। दुर्घटना का कारण ट्रेन में अत्यधिक भीड़ माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है। घटना से स्थानीय सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं: ठाणे जीआरपी की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि उन्हें सूचना मिली और वे मौके पर पहुंचे। कुछ यात्री भीड़ भरी ट्रेन से गिर गए। उस समय, एक मेल या एक्सप्रेस ट्रेन भी बगल की पटरी से गुजर रही थी। अधिकारी ने बताया कि तीन यात्रियों के मारे जाने की आशंका है।
अधिकारियों के मुताबिक, ठाणे जिले में मुंब्रा और दिवा स्टेशनों के बीच फास्ट लाइन रेलवे ट्रैक पर कम से कम छह यात्री घायल पाए गए। संदेह है कि वे चलती ट्रेन से गिरे होंगे। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने पीटीआई को बताया कि कसारा जाने वाली ट्रेन के गार्ड ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे नियंत्रण कक्ष को पटरी के किनारे घायल यात्रियों के बारे में सूचना दी। घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। 
अधिकारी ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यात्री किस ट्रेन से गिरे। ठाणे स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि कम से कम पांच घायलों को यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना कैसे हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है।

# ठाणे