कानपुर में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी का प्रदर्शन



कानपुर, 18 फरवरी  उत्तर प्रदेश के कानपुर में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने, राशन की दुकानों में 5 प्रतिशत आरक्षण के तहत दुकानें आवंटित करने तथा उज्ज्वला योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई गई।
      राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शासन द्वारा कार्यवृत्त जारी होने के बावजूद दिव्यांगजनों को अंत्योदय राशन कार्ड और उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राशन दुकानों में दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित पांच प्रतिशत आरक्षण के स्थान पर कानपुर नगर में केवल दो प्रतिशत के तहत ही दुकानें आवंटित की गई हैं।
     उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन न मिलने के कारण उन्हें रोजमर्रा के जीवन में भी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी और जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
     प्रदर्शन के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान शासन के निर्देशों के अंतर्गत कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मांगों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 

#कानपुर