अमृतसर के चोगावां में दो पक्षों के बीच झगड़े के दौरान हुई फायरिंग


अमृतसर के चोगावां हलके के गांव कोहाली में मौजूद गुरुद्वारा बाबा जगाऊ शहीद में दो पक्षों के बीच झगड़े के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की वजह से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह भी बताया गया है कि गुरुद्वारा साहिब को लेकर दो पक्षों के बीच पहले से ही झगड़ा चल रहा था और इसी वजह से वहां धारा 145 भी लगा दी गई है। इस बारे में जानकारी देते हुए गुरलाल सिंह की मां राजविंदर कौर ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में एक श्रद्धालु ने LCD चढ़ाया था, जिसे बाबा हरजिंदर सिंह अपने घर ले गए। इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि सरपंच गुरजंट सिंह कोहाली, किंदरबीर सिंह, गुरजीत सिंह और उनके अन्य साथी उनके घर के सामने आए और उनके साथ गाली-गलौज की। उनके मुताबिक, जब उनका बेटा गुरलाल सिंह, जतिंदर सिंह और सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे, तो उन पर हमला कर दिया गया और उन्हें बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद जब वे गुरुद्वारा साहिब के गेट के अंदर घुसे तो आरोप है कि सरपंच गुरजंट सिंह ने जतिंदर सिंह पर गोली चलाने की कोशिश की लेकिन गोली उनके ही साथी मलकीत सिंह को लग गई, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी घटना का CCTV फुटेज है। दूसरी ओर, बाबा हरजिंदर सिंह ने कहा कि सरपंच गुरजंट सिंह के ग्रुप ने उनके घर पर हमला किया और उनके एक साथी ने मेरे बेटे झूजर सिंह पर किरपान से हमला किया, जिसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में संपर्क करने पर लोपोके थाने के SHO शमशेर सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में गोली चलने की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 

#अमृतसर