दुर्गा अष्टमी :रादौर के प्राचीन देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दुर्गा अष्टमी को लेकर रादौर के प्राचीन देवी मंदिर में अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में पूजा के बाद लोगों ने घरों में कंजक पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर मंदिर के पुजारी सुरेश शुक्ला ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन माँ महागौरी की पूजा का विशेष महत्व है, लेकिन सच्ची भक्ति तभी सार्थक है जब हम समाज में बेटियों को सम्मान और सुरक्षा दें। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान लोग श्रद्धापूर्वक कन्या पूजन (कंचक) करते हैं, लेकिन विडंबना यह है
कि समाज में आज भी कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियाँ व्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि हमें कन्याओं का पूजन तो करना ही चाहिए, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण है कि हम कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से मिटाएं। क्योंकि बेटियाँ ही समाज की उन्नति का आधार हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि न केवल माँ भगवती की आराधना करें, बल्कि बेटियों के संरक्षण और उन्हें शिक्षित करने का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि देवी की आराधना तभी पूर्ण मानी जाएगी जब हम अपने घर और समाज की 'जीवित देवियों' को उचित मान-सम्मान देंगे।

