यमुनानगर - खैर माफियाओं का दुस्साहस,वन विभाग टीम को कुचलने की कोशिश


 यमुनानगर में खैर की लकड़ी की तस्करी करने वाले माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में छछरौली क्षेत्र में खैर माफियाओं ने एक बार फिर वन विभाग की टीम को कुचलने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारियों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने कोट गांव के पास चौकी के नजदीक नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मिनी पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार आरोपियों ने रुकने के बजाय वाहन को तेज गति से कर्मचारियों की ओर मोड़ दिया और उन्हें कुचलने की कोशिश की। छछरौली रेंज के रेंजर बलजीत सिंह ने बताया कि नाका देखकर आरोपी घबरा गए और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे। इस दौरान उन्होंने जानबूझकर कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन टीम की सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई।

#यमुनानगर
#खैर माफिया