PM Modi 'मन की बात' के ज़रिए देशवासियों को कर रहे संबोधित
नई दिल्ली, 29 मार्च - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में कहा, "मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर बहुत ही हलचल भरा रहा है। हमें याद है कि पूरा विश्व भूतकाल में कोविड के कारण एक लंबे समय तक अनेक समस्याओं से गुजरा था। हमें अपेक्षा थी कि इससे निकलने के बाद दुनिया नए सिरे से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगी। लेकिन दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार युद्ध की परिस्थितियां बनती चली गई।
वर्तमान में हमारे पड़ोस में 1 महीने से भीषण युद्ध चल रहा है। हमारे लाखों परिवारों के सगे, संबंधी इन देशों में रहते हैं, खाड़ी देशों में काम करते हैं। मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूं कि वे वहां 1 करोड़ से ज्यादा रह रहे भारतीयों को हर प्रकार की मदद दे रहे हैं। जिस क्षेत्र में अभी युद्ध चल रहा है, वह हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का बड़ा केंद्र है। इसकी वजह से दुनिया भर में पेट्रोल, डीजल को लेकर संकट की स्थिति बनती जा रही है। हमारे वैश्विक संबंध, अलग-अलग देशों से मिल रहा सहयोग और पिछले 1 दशक में देश का जो सामर्थ्य बना है उसकी वजह से भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में कहा, "मैं आज मन की बात के माध्यम से देशवासियों से आग्रह करूंगा कि हमें एकजुट होकर इस चुनौती से बाहर निकलना है। जो लोग इस विषय पर भी राजनीति कर रहे हैं उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है। ऐसे में जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, वे देश का नुकसान कर रहे हैं। मैं देशवासियों से अपील करूंगा कि वे जागरूक रहें, अफवाहों में न आएं और सरकार की तरफ से निरंतर जो जानकारी दी जा रही है उसी पर विश्वास करें।"



