हिमाचल की पर्यटन नगरी कसौली की हेरिटेज मार्केट में भड़की आग, कई दुकानें चपेट में


हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी कसौली की हेरिटेज मार्केट में बनी दुकानों में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते मार्केट की कई दुकानें चपेट में आ गई। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। आग लगने के बाद दुकानों में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। वहीं, आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। मौके पर दमकल विभाग व सेना की त्वरित कार्रवाई टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस के जवान भी मौके पर तैनात है। हेरिटेज मार्केट में खानपान की दुकानें है। इस कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।आग के अधिक दवाब के कारण सिलिंडरों के ब्लास्ट होने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। खानपान की दुकानों में सिलेंडर ब्लास्ट होने से अभी भी दुकानों के नजदीक नहीं जा पा रहे हैं। फिलहाल आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं।

# हिमाचल
# पर्यटन नगरी कसौली