चारधाम यात्रा 2026: विधि-विधान के साथ खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट
उत्तराखंड, 23 अप्रैल - बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं। मंदिर का द्वार सुबह 6.15 मिनट पर पूरे विधि विधान के साथ हजारों भक्तों के सामने जब बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले तो पूरा आसमान भगवान बद्रीविशाल के जयकारे से गूंज उठा। इस मौके पर बद्रीनाथ मंदिर को करीब 25 क्विंटल फूलों से सजाया गया, जिससे धाम की छटा देखते ही बन रही है। भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलते ही सबसे पहले माता लक्ष्मी को उनके मंदिर में विराजमान किया गया। इसके अलावा दक्षिण द्वार से कुबेर और उद्धव जी की मूर्ति मंदिर परिसर के अंदर प्रवेश कराई गई। उद्धव और कुबेर जी गर्भगृह में विराजमान हो गए हैं और माता लक्ष्मी अपने मंदिर में विराजमान हो गई है।
चारधाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। केदारनाथ के बाद अब आज उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं। भगवान बद्रीविशाल ने आज 149 दिन बाद भक्तों को दर्शन दिया जहां सीएम पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में भगवान बद्रीनाथ के मंदिर का विशाल कपाट खोला गया।

