शंभू ब्लास्ट केस में पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया : सूत्र
पटियाला, 28 अप्रैल - शंभू ब्लास्ट केस में बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। SSP पटियाला इस बारे में दोपहर 2.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। पंजाब के पटियाला में सोमवार रात को एक रेलवे ट्रैक के पास धमाका हुआ था । इस धमाके की वजह से शंभू-अंबाला रेल ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था । इसके साथ ही घटनास्थल पर एक अज्ञात शव भी मिला था । पुलिस का कहना है कि यह शव विस्फोट करने वाले व्यक्ति का ही है। सुरक्षा एजेंसियां अब मामले की जांच कर रही हैं।
घटनास्थल से बरामद हुआ था एक शव
पटियाला के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस वरुण शर्मा ने बताया कि यह घटना रात करीब 10 बजे एक ऐसे ट्रैक के पास हुई, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से मालगाड़ियों के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि यह कोई कम तीव्रता वाला धमाका नहीं था, बल्कि इसे जान-बूझकर किया गया था। ऐसा शक है कि इस कोशिश में शामिल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, क्योंकि घटनास्थल से एक शव बरामद हुआ था ।

