PM Modi in Sikkim: पीएम मोदी ने 50वें स्थापना दिवस पर दी ₹4000 करोड़ की सौगात
गंगटोक , 27 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम में ₹4,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सिक्किम को पूर्वी भारत का स्वर्ग बताते हुए प्रकृति प्रेमी पर्यटकों से राज्य के ऑर्किडेरियम का भ्रमण करने का आग्रह किया। गंगटोक में संबोधन के दौरान पीएम ने कहा कि सिक्किम एक भारत श्रेष्ठ भारत का सशक्त प्रतीक है, खासकर ऐसे समय में जब देश को धर्म और राजनीति के आधार पर बांटने के प्रयास हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सिक्किम की स्वच्छ सड़कें और शुद्ध हवा इस बात का प्रमाण हैं कि यहां के लोग प्रकृति संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार का मुख्य फोकस यहां कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।
पीएम मोदी ने सिक्किम में बच्चों के साथ खेली फुटबॉल
इससे पहले पीएम मोदी सुबह युवाओं के बीच पहुंचे और उनके साथ फुटबॉल खेलकर माहौल को जोश से भर दिया। सिक्किम दौरे के दौरान पीएम ने इस खास पल को सोशल मीडिया पर भी साझा किया और लिखा कि गंगटोक की सुबह में युवाओं के साथ फुटबॉल खेलना उनके लिए एक बेहद ऊर्जा देने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ खेलते हुए उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मकता का एहसास हुआ।

