West Bengal Voting: दूसरे चरण में करीब 90% मतदान


कोलकाता , 29 अप्रैल पश्चिम बंगाल में आज 142 सीटों पर मतदान कराए गए। बंगाल की जनता ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच दूसरे चरण में 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। कुछ जगहों से टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प की खबरें भी आईं। शाम पांच बजे तक 89.99 फीसदी मतदान हुआ। अब अंतिम घंटे में कतार में लगे मतदाता मतदान कर रहे हैं। चुनाव आयोग की ओर से आंकड़े जारी किए जाने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत में बदलाव हो सकता है।

उत्तर 24 परगना में मतदान के बाद बवाल, भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही उत्तर 24 परगना के अरबिंद रैल इलाके में भारी हिंसा भड़क गई। यहां बूथ नंबर 120 पर टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। हिंसा की सूचना मिलते ही भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।

#West Bengal