कोलकाता में तृणमूल नेताओं ने ईवीएम स्ट्रांगरूम के बाहर प्रदर्शन किया

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदान एजेंट से ईवीएम स्ट्रांगरूम की चौबीसों घंटे निगरानी की अपील किये जाने के बाद पार्टी उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने बृहस्पतिवार को खुदीराम अनुशीलन केंद्र में अनियमित गतिविधियों का आरोप लगाते हुए वहां धरना दिया।

यह प्रदर्शन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के एक दिन बाद हुआ। मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खुदीराम अनुशीलन केंद्र में रखी गई है। तृणमूल सूत्रों ने बताया कि ममता भी स्थिति का जायजा लेने के लिए रवाना हो गई हैं।

तृणमूल नेताओं ने प्रक्रियागत खामियों का आरोप लगाते हुए दावा किया कि स्ट्रांगरूम के बाहर तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं को दोपहर में वहां से चले जाने के लिए कहा गया और बाद में उन्हें यह जानकारी मिली कि स्ट्रांगरूम शाम चार बजे फिर से खोला जाएगा।

#कोलकाता