घुटनों के बल चलकर चर्च पहुंचे थलपति विजय ने मांगी थी जीत की दुआ

तमिलनाडु, 5 मई- तमिलनाडु में थलपति विजय की धमाकेदार जीत की शायद ही किसी ने कल्पना की होगी। जहां इस वक्त एक तरफ विजय के घर में जश्न का माहौल है तो वहीं दूसरी ओर एक्टर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि वो घुटनों के बल चलकर चर्च पहुंचे हैं। यह वीडियो तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले का बताया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कोई विजय की आस्था की सराहना कर रहा है तो कोई इसे चुनावी स्टंट बता रहा है। 

थलपति विजय तिरुचिरापल्ली के सेंट एंथनी चर्च में घुटनों के बल चलकर गए थे और वहां अपनी जीत की प्रार्थना की थी। वहीं अब लोगों का कहना है कि विजय की दुआ कबूल हुई है। सिर्फ चर्च ही नहीं विजय अपनी सफलता की प्रार्थना करने के लिए शिरडी साई बाबा के दरबार भी गए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने मस्जिद में भी जाकर दुआ की थी। इससे एक बात तो साफ है कि विजय सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। 

यहां आपको बता दें कि थलपति विजय का असली नाम जोसफ विजय चंद्रशेखर है। उनके पिता क्रिश्चियन और मां हिंदू है। एक्टर जन्म से रोमन कैथोलिक हैं लेकिन वो हर धर्म को मानते हैं। विजय ने अपने पिता की फिल्म से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। उनके राजनीति में सफल शुरुआत का श्रेय भी उनके पिता को जाता है।

#Tamil Nadu Election 2026
# Thalapathy Vijay
# Tamil Nadu