तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: मतदान से पहले आयोग की बड़ी तैयारी
चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने राज्यभर में मतदान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार कुल 75,064 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सभी जरूरी सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है, जो मतदान प्रक्रिया की रियल टाइम निगरानी करेंगे और किसी भी अनियमितता की तुरंत रिपोर्ट देंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्पष्ट संकेतक जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए बैठने की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोटर असिस्टेंस बूथ बनाए गए हैं ताकि मतदाता आसानी से अपनी जानकारी प्राप्त कर सकें, जबकि जागरूकता के लिए आवश्यक पोस्टर भी लगाए गए हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी और मतदाताओं को फोन बाहर जमा करना होगा। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद राज्य में साइलेंस पीरियड लागू हो चुका है और आयोग ने सभी तैयारियों पर सख्त निगरानी रखते हुए फील्ड स्टाफ को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

