बंगाल की पहचान से नहीं होगा खिलवाड़:योगी आदित्यनाथ
जोरासांको , 22 अप्रैल - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जोरासांको विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया और पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोलकाता के मेयर के बयान सामने आ रहे हैं, जिसमें उर्दू के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की पहचान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बंगाल की पहचान काबा से नहीं, बल्कि मां कालीबाड़ी से जुड़ी रही है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर भी सवाल उठाए। योगी ने कहा कि बंगाल में अव्यवस्था का माहौल वैसा ही है जैसा 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में था।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अब वहां शांति और विकास का माहौल है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में हर जगह उत्सव का माहौल है और लोग 'राम राज्य' के नए दौर में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में एक ही आवाज है, गाय की हत्या नहीं होने दी जाएगी और समाज को बांटने की कोशिशों को रोका जाएगा।

