पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी 


आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने बीरभूम के सूरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम युवाओं के मन को प्रभावित करने के लिए प्रसारित किया जा रहा है।
रैली में सीएम ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की जीत का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली की ताकतों का इस्तेमाल करके बंगाल चुनाव नहीं जीत पाएगी, टीएमसी को 226 से अधिक सीटें मिलेंगी। सीएम बनर्जी ने कहा कि 19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं, मैं अकेले ही आम लोगों के लिए लड़ रही हूं।
कटमनी और सिंडिकेट वालों को उल्टा लटकाकर करेंगे सीधा : अमित शाह
बीरभूम में ही केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने भी रैली की। इस दौरान अमित शाह ने कहा, ''आप लोग कटमनी और सिंडिकेट से परेशान हैं। किसी गरीब को घर बनाने के लिए ईंट लानी हैं, तो ममता के सिंडिकेट वाले पैसे मांगते हैं, सीमेंट लाना है, तो भी पैसे देने पड़ते हैं। आप ममता को यहां से निकाल दो, कटमनी और सिंडिकेट वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भाजपा की सरकार करेगी।''

अमित शाह ने कहा, ''ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम के सात बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए। आप एक बार भाजपा सरकार बना दीजिए, हम ऐसा बंगाल बनाएंगे, जहां रात को एक बजे भी छोटी बच्ची स्कूटी पर निकल सकेगी। कोई संदेशखाली, आरजी कर, दुर्गापुर लॉ कॉलेज या साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज जैसी घटना नहीं होगी।''

उन्होंने कहा, ''भाजपा ने तय किया है कि हम समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लाएंगे। यूसीसी लगने के बाद चार शादी करने वालों की शादियां बंद हो जाएंगी। हम सातवां वेतन आयोग हर सरकारी कर्मचारी को देंगे। बहनों के खाते में हर महीने तीन हजार रुपये जमा हो जाएंगे। गर्भवती माताओं को 21 हजार रुपये देंगे। यहां के बेरोजगार युवाओं को हम हर महीने 3,000 रुपये देने का काम करेंगे।''

#पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव