घर में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से 3 लोग झुलसे
जालंधर, 24 मई (दविंदर) – जालंधर के किशनपुरा इलाके में एक घर के मंदिर में पंखे के शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान सिलेंडर फट गया, जिससे तीन लोग झुलस गए। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह घटना सुबह उस समय हुई, जब घर के मालिक सैर के लिए बाहर जा रहे थे। शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग का धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसके बाद आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए।
BJP नेता प्रशांत गंभीर के पिता सुदर्शन कुमार, जो उस घर के मालिक हैं, ने बताया कि सुबह मंदिर में लगे एक पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान घर के अंदर रखा एक सिलेंडर फट गया, जिससे घर के सदस्य झुलस गए। सुदर्शन कुमार ने यह भी बताया कि फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई थी, लेकिन टीम देर से पहुंची, जिसके कारण उनके घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।

