सोनीपत में ट्रिपल मर्डर: मामूली विवाद में दंपती समेत 3 की हत्या

 

 

राई, , 25 मई - ( विपिन पालीवाल): सोनीपत के कुंडली स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैटों में रविवार आधी रात ऐसा खूनी खेल हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई और लोहे की रॉड व तेजधार हथियार से हमला कर दंपती समेत तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। रातभर फ्लैटों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक कोट मोहल्ला निवासी विजय अपनी पत्नी सुनीता के साथ बीपीएल फ्लैट नंबर 1299 में रहते थे। वहीं गांव बड़ौली निवासी स्वाति पास ही दूसरे फ्लैट में रहती थी। देर रात करीब 12 बजे विजय की फ्लैट नंबर 1426 में रहने वाले ब्रह्म प्रकाश से कहासुनी हो गई। शुरुआत में लोगों को लगा मामला शांत हो जाएगा, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ब्रह्म प्रकाश, जो पास के एक निजी स्कूल में गार्ड की नौकरी करता है, ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया। झगड़े के दौरान उसने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। विजय, उनकी पत्नी सुनीता और स्वाति लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
मिली जानकारी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऊपर अपने फ्लैट में गया और आराम से खाना खाता रहा। सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस, क्राइम यूनिट और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर जांच में जुटी हुई है।

#सोनीपत
# ट्रिपल मर्डर