लुधियाना के घर में ज़ोरदार धमाका, , गैस लीक होने से हुआ धमाका

 

बिस्तर, टीवी समेत घर का सामान जला, लोगों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया

लुधियाना 4 जून -  लुधियाना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जमालपुर के विचित्र नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक घर में ज़ोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना भयानक था कि घर की एक दीवार गिर गई और कमरे में रखे बिस्तर, टीवी और दूसरे सामान में आग लग गई और वे जल गए।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई। उस समय घर में विनोद, उनकी पत्नी रीमा और उनका 17 साल का बेटा मौजूद थे। जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसमें किचन भी था। धमाके के बाद मां-बेटा आग और मलबे में फंस गए, जिन्हें इलाके के लोगों ने तुरंत बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत CMC हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जमालपुर थाने के ACP इंद्रजीत बोपाराय ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि किचन में गैस लीक होकर जमा हो गई थी, सुबह जब चूल्हे में आग जलाई गई तो जोरदार धमाका हुआ। पुलिस धमाके के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है।

#लुधियाना