कोहली चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला से बाहर, गायकवाड़ संभावित विकल्प
नई दिल्ली 5 जून - भारत के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली हाल में समाप्त हुए आईपीएल के दौरान मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे श्रृंखला से बृहस्पतिवार को बाहर हो गए।
कोहली की जगह रूतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है जो श्रीलंका में त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत ए के लिये खेलने वाले थे ।
तीन मैचों की श्रृंखला का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। कोहली को रविवार को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल फाइनल के दौरान चोट लगी थी। उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने यह मैच जीत कर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीता था।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वनडे श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। फाइनल के दौरान उन्हें चोट लगी थी। स्कैन से पता चला है कि उनकी ‘डिस्टल सेमीमेम्ब्रेनस टेंडन’ (घुटने के पीछे की मांसपेशियां) फट गई है।’’

