Bihar News: खान सर आज नहीं करेंगे सरेंडर, वकील ने कहा- अग्रिम ज़मानत याचिका दायर करेंगे
पटना, 6 जून - फैजल खान उर्फ खान सर पर प्राथमिकी दर्ज हुए 24 घंटे बीत गए लेकिन पटना पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर पाई। अब फैजल खान के वकील पटना सिविल कोर्ट पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह सरेंडर नहीं करेंगे। पटना पुलिस ने गलत आरोप लगाकर उनपर प्राथमिकी दर्ज की है। पूरी एफआईआर ही गलत है। उन्होंने गोली चलाने का आदेश भी नहीं दिया है। हमलोग कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर करेंगे। उनकी वजह से गोली भी नहीं चली। उन्हें फंसाया जा रहा है। इसलिए वह सरेंडर नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि वकील ने आज ही अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की कोशिश की लेकिन समय खत्म होने के कारण वह आज ऐसा नहीं कर पाए। इसलिए अब वह सोमवार को जमानत याचिका दायर कर सकते हैं। यानी पटना पुलिस के पास खान सर को गिरफ्तार करने का विकल्प खुला है। अब पटना पुलिस उन्हें कब गिरफ्तार करेगी? यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है।
इधर, खान सर के सरेंडर करने की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हुई। पुलिस भी मुस्तैद हो गई। भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हो गए। लेकिन खान सर कोर्ट पहुंचे ही नहीं। उनके जगह उनके वकील कोर्ट पहुंच गए। इससे पहले शुक्रवार रात्रि से शनिवार सुबह तक पटना पुलिस की टीम खान सर के कोचिंग के पास तो छात्रों की भीड़ जुटने लगी। विधि व्यवस्था प्रभावित न हो, इसलिए पटना पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार नहीं किया। देर रात छात्रों की संख्या कम हुई लेकिन इसके बावजूद खान सर ने न तो सरेंडर किया और न ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।

