काकोली घोष के दावे को कीर्ति आजाद ने बताया फर्जी, बोले- महज 13 सांसद थे, BJP की कहानी झूठी
कोलकाता, 8 जून - तृणमूल कांग्रेस के करीब 20 सांसदों के समर्थन के दावे के साथ पार्टी की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष को एक पत्र लिखा। इस पत्र में दावा किया गया कि ये सांसद एनडीए का समर्थन करेंगे। हालांकि, अब टीएमसी ने इन दावों को फर्जी और झूठा करार दिया है। टीएमसी नेता कीर्ति आजाद ने कहा कि भाजपा मनगढ़ंत कहानी फैला रही है।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में फैली बगावत की आग की आंच अब पार्टी के संसदीय दल तक पहुंच चुकी है। टीएमसी की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने सोमवार को करीब 20 सांसदों के साथ एनडीए को समर्थन देने का एलान किया। वहीं, अब टीएमसी नेताओं ने इन दावों को खारिज करते हुए सवाल खड़े किए हैं।
टीएमसी के लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद और पार्टी नेता कुणाल घोष ने इन दावों को फर्जी और जनता को धोखा देने वाला करार दिया है। मुख्य सचेतक के पद पर विवाद को लेकर कीर्ति आजाद ने कहा कि काकोली घोष दस्तीदार खुद को मुख्य सचेतक बताकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिख रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले महीने ही पार्टी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को काकोली घोष दस्तीदार को हटाकर कल्याण बनर्जी को मुख्य सचेतक नियुक्त किए जाने की सूचना दे दी थी।

