वांटेड आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव, ग्रामीणों ने सीआईए टीम को गांव से खदेड़ा


 यमुनानगर, 16 जून - यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब करनाल सीआईए की टीम एक एनडीपीएस एक्ट के वांटेड आरोपी को पकड़ने गांव छोटा बांस की डेहा बस्ती पहुंची। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए पथराव कर दिया और आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

मंगलवार शाम करीब छह बजे करनाल जिले की असंध सीआईए टीम इंद्री थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार करने के लिए रादौर के गांव छोटा बांस की डेहा बस्ती पहुंची थी। पुलिस टीम एक सरकारी और एक निजी वाहन में गांव पहुंची थी।

जैसे ही पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को हिरासत में लिया, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। पथराव के दौरान पुलिस वाहनों के शीशे भी टूट गए।

आरोप है कि ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। पुलिसकर्मियों ने विरोध किया तो महिलाओं समेत ग्रामीण और उग्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन पर हमला भी किया।

स्थिति बिगड़ती देख सीआईए टीम ने किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने पुलिस टीम का काफी दूर तक पीछा भी किया। इसके बाद टीम ने रादौर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी एसआई राजेश कुमार के अनुसार घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले पर वरिष्ठ अधिकारी नजर बनाए हुए हैं।

#पुलिस
# पथराव
#यमुनानगर