Maharashtra: इलाज के नाम पर कारोबारी से 56 लाख रुपये की ठगी

 ठाणे, 21 जून - महाराष्ट्र के ठाणे में इलाज के नाम पर एक व्यक्ति और उसके सहयोगी द्वारा एक कारोबारी से 56.2 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, 75 वर्षीय कारोबारी को आरोपियों ने उसकी बीमारी का आयुर्वेदिक उपचार करने का झांसा दिया था। दोनों आरोपी पिछले साल नवंबर से कुरियर के माध्यम से उसे दवाइयां भेज रहे थे। हालांकि, इन दवाओं का सेवन करने के बावजूद उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। कसारवडावली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपियों ने कारोबारी को शहर के घोड़बंदर रोड स्थित गाइमुख चौपाटी बुलाया। वहां उन्होंने कथित तौर पर विभिन्न जड़ी-बूटियों से मिश्रित एक दवा उसे जबरन पिलाई।
इसके बाद आरोपियों ने दावा किया कि इलाज की कुल लागत 56 लाख रुपये है। उन्होंने कथित रूप से कारोबारी को धमकी दी कि यदि उसने भुगतान नहीं किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि वसूली के लिए लोगों को उसके घर भेजा जाएगा और बीमारी के दौरान ली गई उसकी तस्वीरों को इंटरनेट पर प्रसारित कर उसकी छवि खराब की जाएगी। डर के कारण पीड़ित ने पहले 20 हजार रुपये नकद दिए और बाद में विभिन्न किश्तों में कुल 56.2 लाख रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी उससे और अधिक धन की मांग करते रहे।

 
#Maharashtra
# ठाणे