चंडीगढ़ के कबाड़ मार्केट में लगी भीषण आग

चंडीगढ़, 26 जून (कपिल वाधवा) - शुक्रवार को डडूमाजरा रोड पर गांव तोगा रोड की कबाड़ मार्केट में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मार्केट में बड़ी संख्या में पुरानी गाड़ियां, उनके इंजन, टायर, प्लास्टिक और दूसरे स्पेयर पार्ट्स पड़े होने की वजह से आग तेजी से फैली। सूचना मिलते ही मलोआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की टीमों के साथ आग बुझाने का काम शुरू किया।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने काफी मुश्किल के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से मार्केट के दोनों तरफ के रास्ते बंद कर दिए और इलाके को खाली करा दिया ताकि राहत के काम में कोई रुकावट न आए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन कई दुकानों के पीछे रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#Fire Tragedy