रादौर - मंडी चौंक के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से महिला की मौ.त

रादौर , 26 जून - रादौर के एसके मार्ग स्थित मंडी चौक के पास सड़क पार कर रही एक महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव बापौली निवासी 62 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क पार कर रही थी, तभी बापौली की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय दुकानदार फरमान व गांव बापौली के सरपंच रोहित कुमार ने बताया कि महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली उसे अपनी चपेट में ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  घटना की सूचना मिलते ही रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के संबंध में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।  

#रादौर - मंडी चौंक