बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: कुबेर के खजाने तक पहुंची पुलिस जांच

गोपेश्वर (चमोली), 23 जुलाई - बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच अब कुबेर के खजाने तक पहुंच गई है। बुधवार को चढ़ावे की नियमित गणना के साथ ही पुलिस की जांच टीम ने कुबेर के खजाने में सुरक्षित रखी गई बहुमूल्य वस्तुओं और अभिलेखों का गहन सत्यापन किया। पूरे दिन विशेषज्ञ लेखाकारों की टीम खजाने से संबंधित रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान करती रही।

पुलिस उपाधीक्षक एवं जांच टीम के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि कुबेर के खजाने में सुरक्षित रखी गई सभी वस्तुओं का अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। अब तक की जांच में जिन वस्तुओं का रिकॉर्ड अभिलेखों में दर्ज है, वे सभी खजाने में सुरक्षित मिली हैं।
प्रत्येक रिकॉर्ड का सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बदरीनाथ मंदिर क्षेत्र के अलावा समिति के सभी पटलों का निरीक्षण भी किया। सीईओ ने बताया कि पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।
 

#बदरीनाथ मंदिर
# कुबेर
# पुलिस