पंजाबी सिंगर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ FIR दर्ज
एसएएस नगर, 24 जुलाई (कपिल वाधवा) - मोहाली पुलिस ने पंजाबी सिंगर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ एक म्यूजिक कंपनी के मैनेजर के साथ मारपीट करने और पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। मटौर थाना पुलिस ने सेक्टर-20A, चंडीगढ़ निवासी रेमंत मरवाहा की शिकायत पर केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए अपने बयान में शिकायतकर्ता रेमंत मरवाहा ने बताया कि वह एक म्यूजिक कंपनी चलाते हैं।
करीब पांच-छह महीने पहले उनके जान-पहचान वाले पंजाबी सिंगर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों ने उनसे गानों की रिकॉर्डिंग को लेकर एक म्यूजिक कंपनी से डील करने को कहा था। उन्होंने दोनों पार्टियों की बात भी करवाई थी, लेकिन किन्हीं वजहों से यह डील फाइनल नहीं हो पाई। शिकायत के मुताबिक, 22 जुलाई 2026 की रात करीब 11.30 बजे वह होमलैंड सोसायटी में अपने एक दोस्त के फ्लैट में मौजूद थे। इसी दौरान दिलप्रीत ढिल्लों भी वहां आ गया।
आरोप है कि रिकॉर्डिंग डील न मिलने के विवाद में उसने पहले बहस की और बाद में शिकायतकर्ता को धक्का देकर पीटा। रहमत मरवाहा ने आरोप लगाया कि जब उसने जान बचाने के लिए बाहर आने की कोशिश की तो दिलप्रीत ने उसे पकड़ लिया और दूसरे कमरे में धकेलकर वहां भी पीटा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद दिलप्रीत ने कथित तौर पर अपनी पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी और उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने मोहाली के सिविल हॉस्पिटल फेज-6 में अपना इलाज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरुवार रात को बीएनएस की धारा 115 (2), 126 (2) 351 (2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत FIR दर्ज कर ली है और घटना की जांच कर रही है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी अभी कन्फर्म नहीं हुई है।

