विजय सांपला को 'SIT' की ओर से 2 सितंबर को पेश होने के लिए फिर जारी हुए समन
होशियारपुर, 29 अगस्त (बलजिंदरपाल सिंह)- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला के घर होशियारपुर में आज थाना मॉडल टाउन की पुलिस 'SIT' (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) की ओर से जारी किए गए समन लेकर पहुंची। 'SIT' की ओर से बहिबलकांड गोलीकांड और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हुई बेअदबियों को लेकर की जा रही जांच के चलते विजय सांपला को 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने के लिए समन भेजे गए हैं।
इस संबंधी जानकारी देते हुए विजय सांपला ने बताया कि 2 सितंबर को वह 'SIT' के सामने पेश नहीं हो सकते, क्योंकि उस दिन पार्टी के कई कार्यक्रम हैं। उन्होंने लिखित रूप में 'SIT' से 3 सितंबर को पेश होने का समय मांगा है। इस मौके पर विजय सांपला ने कहा कि सरकार की ओर से लगातार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें बिना वजह इस मामले में उलझाया जा रहा है।

