राहुल गांधी के ‘शुद्धिकरण’ बयान पर CM धामी का पलटवार, बोले- कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है
हल्द्वानी (उत्तराखंड), 29 अगस्त - हल्द्वानी में शुद्धिकरण विवाद को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम धामी ने कहा कि शुद्धिकरण कार्यक्रम में भाजपा का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। उन्होंने कांग्रेस पर बेवजह के मुद्दों को तूल देने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हल्द्वानी में धार्मिक उन्माद के नारे लगाए गए थे और एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा ऐसा किया गया था। इसके विरोध में कुछ धार्मिक संगठनों ने शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया था।
सीएम धामी ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड में कोई नहीं जानता कि मल्लिकार्जुन खरगे की जाति क्या है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को जातिगत भेदभाव से जोड़ना उचित नहीं है।
‘कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है’
पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए वह बेवजह के मुद्दों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जातिगत भेदभाव की बात पर कौन विश्वास करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।
राहुल गांधी ने लगाए थे आरोप
इससे पहले राहुल गांधी ने हल्द्वानी में शुद्धिकरण की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा और आरएसएस पर दलितों के अपमान और भेदभाव के आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने ‘शुद्धिकरण’ को छुआछूत से जोड़ते हुए इसे संविधान के तहत अपराध बताया था।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अब इस मामले में कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया है।

