पंजाब के 3 जिलों में प्राइवेट स्कूल 3 सितंबर को बंद रहेंगे
चंडीगढ़, 1 अगस्त – पंजाब के तीन जिलों बठिंडा, मानसा और बरनाला के सभी प्राइवेट स्कूल 3 सितंबर को बंद रहेंगे। यह फैसला फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशन्स ऑफ पंजाब (FAP) ने स्कूल बस और वैन ऑपरेटरों की महापंचायत को लेकर लिया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए फेडरेशन के प्रेसिडेंट डॉ. जगजीत सिंह धुरी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा स्कूल बसों और वैन के लिए लागू किए गए नए नियमों के खिलाफ बस ऑपरेटरों द्वारा 3 सितंबर को बठिंडा में राज्य स्तरीय महापंचायत की जा रही है। इस महापंचायत के कारण स्कूल बसों के न चलने की स्थिति को देखते हुए फेडरेशन ने तीनों जिलों के प्राइवेट स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
प्राइवेट स्कूल बस ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रेसिडेंट गुरप्रीत सिंह सरा ने बताया कि यह महापंचायत बठिंडा की अनाज मंडी में होगी, जिसमें पूरे पंजाब से ड्राइवर, कंडक्टर और बस मालिक हिस्सा लेंगे।

