डेराबस्सी में कांग्रेस की ओर से भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

डेराबस्सी (मोहाली), 2 सितंबर (रणबीर सिंह पढ़ी) - डेराबस्सी बस स्टैंड पर पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रभारी अमित बावा सैणी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी और आर.एस.एस. की कथित दलित विरोधी नीति के खिलाफ विशाल रोष धरना दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और 'मनुस्मृति' तथा भाजपा-आर.एस.एस. के प्रतीक वाला पुतला अग्नि भेंट किया।

धरने को संबोधित करते हुए अमित बावा सैणी ने खुलासा किया कि गत 8 अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला ग्राउंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा एक विशाल रैली को संबोधित किया गया था। रैली की समाप्ति के बाद भाजपा और आर.एस.एस. के कार्यकर्ताओं ने उस स्थान पर हवन करवाकर और गंगाजल का छिड़काव कर कथित 'शुद्धिकरण' का नाटक किया। सैणी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक दलित नेता के जाने के बाद ऐसी हरकत करना खुले तौर पर छुआछूत को बढ़ावा देना है, जो भारतीय संविधान की धारा 17 के तहत एक गंभीर और दंडनीय अपराध है।

सैणी ने आगे कहा कि जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान का अपमान करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग उठाई गई, तो पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा एक मनगढ़ंत शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक मूल्यों का हनन करके भाजपा दोबारा देश में पुरानी गैर-बराबरी वाली व्यवस्था कायम करना चाहती है।

ऐतिहासिक संदर्भ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1927 में महाराष्ट्र के महाड़ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने मनुस्मृति को जलाकर सामाजिक समानता का बिगुल बजाया था। आज देश में ऐसे हालात दोबारा बन गए हैं कि संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस को फिर मनुस्मृति का पुतला जलाना पड़ा है।

प्रदर्शन की समाप्ति के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिम्मेदार नागरिक होने का सबूत देते हुए बस स्टैंड परिसर से पुतले की राख, अवशेष और प्लास्टिक की बोतलों को एकत्र कर विशेष सफाई अभियान भी चलाया।

#डेराबस्सी में कांग्रेस की ओर से भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन