दक्षिण भारत के 5 प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए जालंधर से रवाना होगी ट्रेन; यात्रा में खाना और ठहरने की सुविधा शामिल
जालंधर, 10 सितंबर - इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए शानदार अवसर पेश किया है। टूरिज्म कॉरपोरेशन के संयुक्त महाप्रबंधक (टूरिज्म, चंडीगढ़) हर्षदीप ने जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दक्षिण भारत यात्रा के लिए विशेष टूर पैकेज की घोषणा की। इस मौके पर विक्रांत जी (पी.आर.आई., फिरोजपुर डिवीजन, उत्तर रेलवे) भी विशेष रूप से मौजूद थे।
हर्षदीप ने बताया कि यह विशेष धार्मिक ट्रेन 14 नवंबर को जम्मू से रवाना होगी और 26 नवंबर को वापस लौटेगी, जिससे 12 रातों और 13 दिनों की यात्रा पूरी होगी। पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा के लिए पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली और ग्वालियर में ट्रेन में चढ़ने और उतरने की सुविधा दी गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पांच प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगे, जिनमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन शामिल हैं।
यह एक संपूर्ण और ऑल-इंक्लूसिव पैकेज है, जो यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी से बचाता है। निर्धारित बजट में होटल में ठहरने की सुविधा, सुबह-शाम की चाय/नाश्ता, तीनों समय शुद्ध शाकाहारी भोजन, पर्यटन के लिए बस सुविधा और स्टेशन से होटल तक आने-जाने की व्यवस्था शामिल है। भोजन ट्रेन की अपनी पेंट्री कार में ताजा तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा, यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन में 24 घंटे फर्स्ट-एड किट उपलब्ध रहेगी और जरूरत पड़ने पर नजदीकी स्टेशन पर डॉक्टर की व्यवस्था भी की जाएगी।

