मशहूर ज्वालामुखी मंदिर में खौफनाक वारदात: युवक ने खुद को लगाई आग

कांगड़ा, 18 सितंबर - हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शख्स ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस दर्दनाक हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया है जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से मंदिर परिसर में एक बड़ा हादसा और भगदड़ टल गई।

बता दें कि यह खौफनाक वारदात गुरुवार शाम करीब 8 बजे मंदिर परिसर के भीतर हुई। युवक को अचानक आग की लपटों से घिरा देख वहां श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में युवक का शरीर लगभग 70 फीसदी तक जल चुका है।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं घायल युवक की पहचान 36 वर्षीय रामदास (पुत्र गजानंद), निवासी जहालबाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

#Jawalamukhi Temple Incident
# Himachal
# Kangra
# Temple Self Immolation