कब्जा करने आए हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, दो युवक घायल
लुधियाना, 20 सितंबर (प्रदीप भंडारी) - लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-7 के अंतर्गत पड़ते गांव कुलिएवाल स्थित राजू डेयरी फार्म में नए घर की खुशी में चल रही पार्टी उस समय दहशत में बदल गई, जब जमीनी रंजिश के चलते घर से थोड़ी दूर एक जमीन पर कब्जा करने की नीयत से 15 से 20 हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले एक दीवार गिराई, जिससे काफी तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर थोड़ी दूर नए घर की पार्टी कर रहे दो युवक मौके पर देखने के लिए गए तो हमलावरों ने लोगों की तरफ सीधी गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग के कारण मौके पर भगदड़ मच गई। गोलीबारी के दौरान दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक सफेद स्कॉर्पियो भी गोलियों से छलनी हो गई।
घायल अंकुश चोपड़ा उर्फ शालू ने बताया कि वह अपने दोस्त के नए घर की खुशी में पार्टी कर रहे थे। रात करीब 12 बजे बाहर से तेज आवाज सुनाई दी। जब वह दीवार की तरफ गए तो हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान अंकुश की बाईं आंख के ऊपर छर्रे लगे, जबकि उसका दोस्त राजदीप सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

