तीन मासूम बच्चों की मौत का मामला ट्रेस, मां गिरफ्तार

संगरूर, 22 सितंबर- थाना भवानीगढ़ के इलाके में तीन नाबालिग सगे भाई-बहनों की जहरीली मिठाई खाने के कारण हुई मौत के मामले को संगरूर पुलिस ने ट्रेस करते हुए बच्चों की मां लवप्रीत कौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य व्यक्ति हरजीत सिंह निवासी जलालाबाद की गिरफ्तारी अभी बाकी है। एस.एस.पी. संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि बखोपीर रोड भवानीगढ़ में तीन नाबालिग बच्चों—जसनूर कौर (साढ़े 6 साल), अरमानदीप सिंह (5 साल) और रिहानदीप सिंह (ढाई साल)—की जहरीली मिठाई खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआत में इस मामले को फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना गया था।

पुलिस द्वारा मामले की बारीकी से जांच करने के बाद सामने आया कि बच्चों की मां लवप्रीत कौर के हरजीत सिंह निवासी जलालाबाद के साथ कथित तौर पर संबंध थे। पुलिस का आरोप है कि बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश के तहत मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाया गया।

इस संबंध में थाना भवानीगढ़ में लवप्रीत कौर और हरजीत सिंह के खिलाफ धारा 103(1), 61(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एस.एस.पी. ने बताया कि पुलिस कप्तान (स्थानीय) सुखअमृत सिंह पी.पी.एस. के नेतृत्व और डी.एस.पी. (डिटेक्टिव) हरसिमरन सिंह तथा डी.एस.पी. भवानीगढ़ सतनाम सिंह की निगरानी में पुलिस की विभिन्न टीमों ने मानवीय और तकनीकी सूचना की मदद से लवप्रीत कौर को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी महिला का रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है, जबकि मामले में नामजद हरजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

#तीन मासूम बच्चों की मौत का मामला ट्रेस
# मां गिरफ्तार