निगम मीटिंग में विकास कार्यों को लेकर हंगामा
फगवाड़ा, 23 सितंबर (हरजोत सिंह चाना)- नगर निगम हाउस की बैठक आज शहर के विकास कार्यों को लेकर हंगामे में बदल गई। बैठक शुरू होते ही ‘आप’ पार्षद विजय कुमार मेनकर ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपना एजेंडा फाड़कर मेयर और कमिश्नर के सामने फेंक दिया और बैठक से बाहर चले गए।
बैठक में कुल 16 प्रस्ताव विचार के लिए रखे गए, जिन पर करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई। कांग्रेसी पार्षद संजीव बुग्गा, तरनजीत सिंह वालिया, सुशील मैनी और जतिंदर वर्मानी ने आरोप लगाया कि शहर में विकास कार्य प्रभावित हैं और स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने जैन स्कूल के पास नाले को दो करोड़ रुपये की लागत से ढकने के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह राशि अन्य जरूरी कार्यों पर खर्च की जाए।
मेनकर ने कहा कि वार्ड नंबर 43 के बसंतपुरा में खराब मोटर और हजारा मोहल्ले की पानी की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा, “जब काम ही नहीं होना तो मीटिंग का क्या फायदा?” इस दौरान मेयर रामपाल उप्पल ने कहा कि बैठक में रखे गए सभी 16 एजेंडे पास कर दिए गए हैं।

