घर पर कथित फायरिंग, इलाके में डर का माहौल
फगवाड़ा (कपूरथला), (हरजोत सिंह चाना) - फगवाड़ा की नंगल कॉलोनी में बीती देर रात एक घर पर कथित तौर पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे कुछ युवक हथियारों से लैस होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और घर की ओर करीब 8 गोलियां चलाईं। इस दौरान घर के गेट पर हथियारों से वार किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी सुखविंदर सिंह के मुताबिक, मौके से 4 खाली राउंड बरामद किए गए हैं।
पीड़ित युवक प्रियांश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उसके एक साथी की किसी व्यक्ति के साथ हुई बातचीत को लेकर रंजिश चल रही थी, जिसके कारण यह घटना हुई हो सकती है। उसने यह भी बताया कि करीब 4-5 महीने पहले उसकी गाड़ी पर भी कथित तौर पर फायरिंग की गई थी।
फिलहाल पीड़ित द्वारा कुछ युवकों पर फायरिंग के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, आरोपों की सच्चाई और घटना के असल कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद नंगल कॉलोनी और आसपास के इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर करते हुए पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

